Hapur Accident: गंगा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार थार पलटी, 4 युवकों की मौत; एक घायल – Parvat Sankalp News

Hapur Accident: गंगा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार थार पलटी, 4 युवकों की मौत; एक घायल

हापुड़:- गंगा एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना सिंभावली क्षेत्र में तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में थार सवार पांच युवकों में से चार की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए ग्राम सिखेड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक का उपचार जारी है।

बदायूं से दिल्ली जा रहे थे सभी युवक

पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 12 बजे गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुआ। थार में सवार सभी पांच युवक बदायूं से दिल्ली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति के कारण वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव की कार्रवाई शुरू की।

चार मृतकों की हुई पहचान

पुलिस ने मृतकों की पहचान जोगिंदर (26) पुत्र झाझन सिंह, निवासी पालपुर, थाना बिल्सी, सुखवीर (25) पुत्र होतीलाल, जसवंत (20) पुत्र होतीलाल, निवासी पालपुर, थाना बिल्सी और रवि (20) पुत्र करण सिंह, निवासी पूरदलपुर, थाना इस्लामपुर, बदायूं के रूप में की है। मृतकों में सुखवीर और जसवंत सगे भाई थे। हादसे में विष्णु (17) पुत्र गिरीराज, निवासी पालपुर, बिल्सी, बदायूं घायल हुआ है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

चार शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

पुलिस ने हादसे में क्षतिग्रस्त थार को एक्सप्रेस-वे से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। हादसे में चार युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से गंगा एक्सप्रेस-वे पर सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। एएसपी के मुताबिक एक घायल युवक का उपचार चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *