देहरादून में गाड़ी हटाने को लेकर विवाद, पेट्रोल पंप पर युवक पर हेलमेट, रॉड और चाकू से हमला – Parvat Sankalp News

देहरादून में गाड़ी हटाने को लेकर विवाद, पेट्रोल पंप पर युवक पर हेलमेट, रॉड और चाकू से हमला

देहरादून :- देहरादून के वसंत विहार थाना क्षेत्र में गाड़ी हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि बल्लूपुर चौक स्थित एक पेट्रोल पंप पर कुछ युवकों ने एक व्यक्ति को घेरकर हेलमेट, लाठी, रॉड और चाकू से हमला कर दिया। हमले में पीड़ित घायल हो गया, जबकि आरोपियों ने उसकी कार में भी जमकर तोड़फोड़ की। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान की जा रही है।

बाइक हटाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

कैलाशपुरी निवासी नवीन भाटिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 22 अगस्त की रात अपने घर से बाहर जा रहे थे। इस दौरान बाहर एक मोटरसाइकिल खड़ी थी, जिस पर एक युवक बैठा हुआ था। नवीन भाटिया ने युवक से मोटरसाइकिल हटाने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। शिकायत के अनुसार, कुछ देर बाद जब नवीन भाटिया अपनी कार से बल्लूपुर चौक स्थित भारत पेट्रोल पंप पहुंचे तो वही बाइक सवार युवक अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंच गया।

पेट्रोल पंप पर घेरकर की मारपीट

आरोप है कि पेट्रोल पंप पर पहुंचते ही युवकों ने नवीन भाटिया को घेर लिया और हेलमेट, लाठी तथा रॉड से हमला शुरू कर दिया। शिकायत में चाकू से भी हमला करने का आरोप लगाया गया है। इस दौरान पीड़ित को चोटें आईं। बताया गया कि आरोपियों ने नवीन भाटिया की कार को भी निशाना बनाया और हेलमेट व डंडों से वार कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया, लेकिन इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश में पुलिस

घटना का पूरा घटनाक्रम पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। पुलिस ने फुटेज को अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। वसंत विहार थाना प्रभारी सेंकी सिंह के अनुसार, पीड़ित नवीन भाटिया की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *