फतेहपुर सीकरी विधायक पर टिप्पणी का मामला गरमाया, बाल योगी ने जारी किया नया वीडियो – Parvat Sankalp News

फतेहपुर सीकरी विधायक पर टिप्पणी का मामला गरमाया, बाल योगी ने जारी किया नया वीडियो

आगरा:- फतेहपुर सीकरी से विधायक चौधरी बाबूलाल को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। मलपुरा क्षेत्र में खुले नाले की समस्या को लेकर ग्रामीणों के बीच पहुंचे बाल योगी ने विधायक पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद उन्होंने विधायक के आवास पहुंचकर अपनी टिप्पणी पर खेद जताया और माफी मांगी। हालांकि, कुछ घंटों बाद बाल योगी ने एक नया वीडियो जारी कर पूरे घटनाक्रम पर अपनी सफाई पेश की। जानकारी के अनुसार, यह मामला सोमवार का है। बाल योगी मलपुरा क्षेत्र के एक गांव में लंबे समय से चली आ रही खुले नाले की समस्या का जायजा लेने पहुंचे थे। इलाके में फैली गंदगी, दुर्गंध और स्थानीय लोगों की परेशानियों को लेकर बातचीत के दौरान उन्होंने फतेहपुर सीकरी के विधायक चौधरी बाबूलाल के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। बाद में बाल योगी और विधायक चौधरी बाबूलाल के बीच बातचीत हुई। बुधवार को बाल योगी विधायक के आवास पर पहुंचे और अपनी टिप्पणी को लेकर खेद व्यक्त करते हुए माफी मांगी। इस मुलाकात का वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह अपनी कही बातों पर पछतावा जताते नजर आए। हालांकि, माफी मांगने के कुछ समय बाद बाल योगी ने एक अन्य वीडियो जारी कर कहा कि उनके माफी वाले वीडियो को गलत तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने दावा किया कि विधायक चौधरी बाबूलाल ने उन्हें फोन कर चाय पर मिलने के लिए बुलाया था और कई बार फोन आने के बाद ही वह विधायक के आवास पहुंचे थे।

बाल योगी के अनुसार, उन्होंने विधायक की उम्र और सम्मान का ध्यान रखते हुए अपनी भाषा को लेकर खेद जताया था। उन्होंने कहा कि इसे उनकी कमजोरी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।  नए वीडियो में बाल योगी ने मलपुरा क्षेत्र की नाले की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने दावा किया कि इलाके में करीब 20 वर्षों से नाले की समस्या बनी हुई है और गंदगी व दुर्गंध के कारण स्थानीय लोग परेशान हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सोमवार को एक कैंसर पीड़ित बच्चे से मुलाकात के बाद वह भावुक हो गए थे, जिसके चलते उन्होंने विधायक के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर दिया।  फिलहाल, बाल योगी की पहले माफी मांगने और बाद में नया वीडियो जारी कर सफाई देने के बाद यह मामला राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *