मुख्यमंत्री धामी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रदेशवासियों से की तिरंगा फहराने की अपील – Parvat Sankalp News

मुख्यमंत्री धामी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रदेशवासियों से की तिरंगा फहराने की अपील

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने शासकीय आवास पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति प्रदेशवासियों को जागरूक किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों पर राष्ट्रध्वज फहराकर इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, समर्पण और गौरव की भावना को मजबूत करने का अवसर है। तिरंगा भारत की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और वीरों के बलिदान का प्रतीक है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्रध्वज का पूरा सम्मान करे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से शुरू हुआ यह अभियान अब देशभर में जनभागीदारी का रूप ले चुका है। इसके माध्यम से लोगों, खासकर बच्चों और युवाओं को राष्ट्र निर्माण तथा देशभक्ति की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और प्रदेश के जवानों ने देश की रक्षा में हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में राज्य के प्रत्येक परिवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साह के साथ शामिल होकर राष्ट्रभक्ति की इस परंपरा को और मजबूत करना चाहिए।

सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे अपने घरों पर तिरंगा अवश्य फहराएं और राष्ट्रध्वज संहिता के नियमों का पालन करें। उन्होंने परिवार के बच्चों और युवाओं को भी तिरंगे के सम्मान तथा राष्ट्रप्रेम के संस्कारों से जोड़ने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी की सामूहिक भागीदारी से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है और इससे देश की एकता, अखंडता व गौरव की भावना और मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *