देहरादून में 30 लाख की MDMA और स्मैक बरामद, हाईप्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई से पहले तस्कर गिरफ्तार – Parvat Sankalp News

देहरादून में 30 लाख की MDMA और स्मैक बरामद, हाईप्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई से पहले तस्कर गिरफ्तार

देहरादून: उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये कीमत की एमडीएमए (MDMA) और स्मैक बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इन मादक पदार्थों की सप्लाई देहरादून की हाईप्रोफाइल पार्टियों में करने की तैयारी कर रहा था।

गोपनीय सूचना के बाद पुलिस ने बिछाया जाल

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पूरे जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रायपुर पुलिस को सूचना मिली कि एक तस्कर बड़ी मात्रा में हाईप्रोफाइल ड्रग लेकर देहरादून पहुंचा है।सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया और देर रात अरण्य विहार क्षेत्र के एक खाली प्लॉट के पास से दानिश नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

48.55 ग्राम MDMA और 40.75 ग्राम स्मैक बरामद

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 48.55 ग्राम एमडीएमए (हाई प्रोफाइल सिंथेटिक ड्रग) तथा 40.75 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

हाईप्रोफाइल पार्टियों में होनी थी सप्लाई

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह ड्रग्स सहारनपुर के एक स्थानीय तस्कर से खरीदकर लाया था। उसका उद्देश्य देहरादून में आयोजित होने वाली हाईप्रोफाइल पार्टियों और चुनिंदा ग्राहकों तक इसकी सप्लाई करना था।

नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस पूछताछ में नशा तस्करी से जुड़े अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। दून पुलिस का कहना है कि उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *