राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का बदला वेन्यू, अब बन्नू स्कूल मैदान में होगा आयोजन – Parvat Sankalp News

राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का बदला वेन्यू, अब बन्नू स्कूल मैदान में होगा आयोजन

देहरादून: कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के आयोजन स्थल में बदलाव कर दिया गया है। अब यह कार्यक्रम परेड ग्राउंड के स्थान पर बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि यह निर्णय छात्रों और उनके अभिभावकों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, पार्टी ने पहले परेड ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की थी और आवश्यक औपचारिकताओं के तहत शुल्क भी जमा कराया था। हालांकि बाद में प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने के बाद आयोजन स्थल बदलने का निर्णय लिया गया।

दूसरी ओर प्रशासन का कहना है कि परेड ग्राउंड पहले से अन्य कार्यक्रमों के लिए आरक्षित था। इसी कारण कांग्रेस को वैकल्पिक स्थल के रूप में बन्नू स्कूल मैदान उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया गया। इस मुद्दे को लेकर मंगलवार देर रात कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता परेड ग्राउंड पहुंचे, जहां उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने पर आपत्ति जताई।

धरने में पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह तथा कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक कारणों से कार्यक्रम में बाधा डाल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी स्थिति में छात्रों के कार्यक्रम को प्रभावित नहीं होने देना चाहती। इसी उद्देश्य से आयोजन स्थल बदलने का निर्णय लिया गया ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता है कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले छात्र सुरक्षित माहौल में आएं, अपनी बात रखें और बिना किसी असुविधा के वापस लौट सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *