पठानकोट में बारिश बनी आफत, पानी में फंसी देहरादून की टूरिस्ट बस – Parvat Sankalp News

पठानकोट में बारिश बनी आफत, पानी में फंसी देहरादून की टूरिस्ट बस

पंजाब के पठानकोट जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जालंधर-जम्मू नेशनल हाईवे-44 पर स्थित सुजानपुर के रेलवे अंडरपास (पुल नंबर-3) में भारी जलभराव हो गया। इसी दौरान देहरादून से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रही एक टूरिस्ट बस गहरे पानी के बीच फंस गई। बस में कुल 55 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें 13 बच्चे भी शामिल थे। अचानक बस के चारों ओर पानी भर जाने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और बच्चों समेत सभी श्रद्धालु घबरा गए। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF), स्थानीय पुलिस और आसपास के युवाओं ने तत्काल संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सभी एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री को कोई गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बचा लिए गए।

जानकारी के अनुसार, बस में फंसे यात्रियों ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद रात करीब 1:53 बजे आपात संदेश मिलने पर सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम महज छह मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। तेज बारिश, अंधेरा और अंडरपास में भरे पानी के कारण बस चालक पानी की वास्तविक गहराई का अनुमान नहीं लगा सका। जैसे ही बस अंडरपास से गुजरने लगी, पानी इंजन तक पहुंच गया और बस बीच रास्ते में बंद हो गई। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद हाइड्रा मशीन की सहायता से बस को भी पानी से बाहर निकाल लिया गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान जलभराव वाले मार्गों से गुजरने से बचें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *