टिहरी में जंगल की आग बुझाने गई महिला की दर्दनाक मौत – Parvat Sankalp News

टिहरी में जंगल की आग बुझाने गई महिला की दर्दनाक मौत

टिहरी गढ़वाल जिले से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। कीर्तिनगर विकासखंड की ग्राम पंचायत पैंडुला में जंगल में लगी आग को बुझाने गई एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है। मृतका की पहचान 50 वर्षीय अंजू देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जंगल में लगी आग तेजी से गांव की ओर बढ़ रही थी, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। आग को घरों तक पहुंचने से रोकने के लिए अंजू देवी साहस दिखाते हुए उसे बुझाने जंगल की ओर चली गईं।

जानकारी के अनुसार महिला अपने घर से करीब 150 मीटर दूर जंगल के पास आग बुझाने का प्रयास कर रही थीं। इसी दौरान अचानक आग ने विकराल रूप ले लिया और अंजू देवी उसकी चपेट में आ गईं। आग की लपटों में बुरी तरह झुलसने के कारण उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी तब सामने आई जब अंजू देवी देर रात तक घर वापस नहीं लौटीं। चिंतित परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद उनका शव जंगल के पास पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर परिवार और गांव के लोग स्तब्ध रह गए।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन पर जंगलों में लगातार लग रही आग को रोकने में लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि हर साल जंगलों में आग की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से जंगल की आग पर नियंत्रण के लिए ठोस व्यवस्था करने और प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *