चमोली का शख्स पंजाब में बंधुआ मजदूर बना, सांसद अनिल बलूनी ने राज्यपाल से की बात – Parvat Sankalp News

चमोली का शख्स पंजाब में बंधुआ मजदूर बना, सांसद अनिल बलूनी ने राज्यपाल से की बात

चमोली के युवक को पंजाब में 15 वर्षों से बंधुआ बनाकर रखने का मामला सामने आया, सांसद अनिल बलूनी ने की रिहाई की पहल
उत्तराखंड के चमोली जिले का एक युवक पिछले 15 वर्षों से पंजाब में कथित रूप से बंधुआ मजदूरी कर रहा है। इस गंभीर मामले को लेकर पौड़ी गढ़वाल से सांसद अनिल बलूनी ने संज्ञान लिया है और पंजाब के राज्यपाल से बातचीत कर युवक को मुक्त कराने की मांग की है।
इस संबंध में सांसद बलूनी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए जानकारी दी कि उन्हें एक वीडियो के माध्यम से यह मामला पता चला। वीडियो में दावा किया गया है कि नारायणबगड़ (चमोली) निवासी एक युवक को पंजाब की एक गौशाला में मालिक द्वारा जबरन मजदूरी के लिए रखा गया है।
सांसद बलूनी का बयान
बलूनी ने लिखा, “सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें बताया गया है कि उत्तराखंड के नारायणबगड़ का एक युवक पिछले पंद्रह वर्षों से पंजाब में एक गौशाला मालिक के पास बंधुआ मजदूर के रूप में काम कर रहा है। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने युवक को छुड़ाने की अपील की है।”
उन्होंने आगे कहा, “इस विषय की जानकारी मिलते ही मैंने तुरंत पंजाब के राज्यपाल से संपर्क कर उन्हें पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया और अनुरोध किया कि पीड़ित राजेश जी को शीघ्र रेस्क्यू कर उनके पैतृक गांव पहुंचाया जाए।”
राज्यपाल का आश्वासन और पुलिस को निर्देश
सांसद बलूनी ने बताया कि पंजाब के राज्यपाल ने इस मामले पर गहरी चिंता व्यक्त की है और युवक की तत्काल सहायता का भरोसा दिया है। इसके साथ ही, राज्यपाल कार्यालय की ओर से उन्हें सूचित किया गया है कि पंजाब के पुलिस महानिदेशक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं।
वीडियो में डरा-सहमा दिखाई दिया युवक
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक स्थानीय व्यक्ति युवक से बात करने की कोशिश करता नजर आता है। इस दौरान युवक राजेश कहता है, “बात करने से पहले मेरे मालिक से पूछ लो। वो काम न करने पर मुझे मारता है।” वीडियो में राजेश डरा हुआ और मानसिक रूप से पीड़ित प्रतीत हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *