अल्मोड़ा सल्ट क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, कार खाई में गिरने से पांच माह के शिशु की मौत – Parvat Sankalp News

अल्मोड़ा सल्ट क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, कार खाई में गिरने से पांच माह के शिशु की मौत

अल्मोड़ा:- अल्मोड़ा के सल्ट क्षेत्र में एक कार खाई में गिर गई जिससे उसमें सवार पांच माह के बच्चे की मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय देर रात लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया। शुक्रवार की देर शाम अल्टो कार संख्या UK-15B-8057 सल्ट (अल्मोड़ा) के झिमार गांव के पास खाई में गिर गई। इस हादसे में पांच माह के अंश नेगी पुत्र दीपक नेगी की मौत हो गई। जबकि किरण पत्नी दीपक नेगी उम्र 26 वर्ष, अमित नेगी पुत्र उमेद सिंह उम्र 26 वर्ष और सरोज पत्नि स्व बालम सिंह उम्र 55 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को पहले सल्ट के देवालय अस्पताल पहुंचाया गया था। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय लाया गया है। देर रात ही रामनगर अस्पताल से हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।

घायल दुर्गापुर बमनपुर कोटद्वार जिला पौड़ी गढ़वाल के निवासी है। बताया जा रहा है कि अमित नेगी अपने बड़े भाई दीपक नेगी की ससुराल गौलीखाल से अपनी भाभी किरण, भतीजा अंश और भाभी की मां सरोज को साथ लेकर वापस कोटद्वार को लौट रहे थे। सल्ट के झिमार गांव के पास उनकी कार असंतुलित होकर खाई में गिर गई। हादसे की जानकारी मिलते ही लैंसडाउन के विधायक दिलीप रावत भी रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय पहुंच गए थे। इस  दौरान अस्पताल में गढ़वाल मोटर यूजर्स के पूर्व अध्यक्ष अरविंद गुसाई, ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय नेगी, भाजपा नेता और पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष गणेश रावत भी घायलों का हाल-चाल जानने अस्पताल पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *