जम्मू-पुंछ हाईवे पर बस दुर्घटना, आस पास मची चीख पुकार, 22 लोगों की मौत,90 से अधिक लोग थे सवार – Parvat Sankalp News

जम्मू-पुंछ हाईवे पर बस दुर्घटना, आस पास मची चीख पुकार, 22 लोगों की मौत,90 से अधिक लोग थे सवार

जम्मू कश्मीर:- तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस वीरवार को जम्मू-पुंछ हाईवे पर सड़क से फिसलकर 150 फीट गहरी खाई में खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि 69 घायल हैं। बस में 90 से अधिक लोग सवार थे। मरने वालों में 21 की शिनाख्त हो गई है। घायलों में कई की हालत गंभीर है। घायलों को इलाज के लिए जीएमसी जम्मू में भर्ती कराया गया।  मरने वालों में दो बच्चियां भी शामिल हैं। वीरवार का दिन जम्मू-कश्मीर के लिए दर्द विदारक रहा। अखनूर में बस हादसे से पहले सभी श्रद्धालु खुशी-खुशी माथा टेकने शिवखोड़ी जा रहे थे। बस के 150 फुट खाई में गिरते ही चीख-पुकार मच गई। हर तरफ खून ही खून था।

किसी श्रद्धालु का बैग तो किसी के जूते-चप्पल जहां-तहां बिखरे थे। हादसे में किस ने अपने बच्चे तो किसी ने पत्नी और माता-पिता खो दिए। श्रद्धालुओं को गहरी खाई से निकालने वाले स्थानीय लोगों व सुरक्षाकर्मियों ने सराहनीय भूमिका निभाई। जानकारी के अनुसार, यह बस श्रद्धालुओं को लेकर शिवखोड़ी जा रही थी। यह सभी यात्री उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, हाथरस, मथुरा और राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले हैं। हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उप राज्यपाल ने हादसे में मरने वालों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये व घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है।

अखनूर अस्पताल में इलाज करा रहे घायलों में से एक अमर चंद ने बताया, वीरवार दोपहर करीब 12.35 बजे 57 सीटर बस (यूपी 86 ईसी-4058 ) हरियाणा के कुरुक्षेत्र से श्रद्धालुओं को लेकर रियासी जिले के पौनी इलाके में शिवखोड़ी मंदिर कीओर जा रही थी। बस अखनूर के चौकी चोरा इलाके में तुंगी-मोड़ पर पहुंची, उसी समय विपरीत दिशा से एक तेज रफ्तार कार आ रही थी। बस चालक ने मोड़ पर नियंत्रण खो दिया। परिणामस्वरूप बस सीधी खाई में जा गिरी। हादसा होते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और सेना की टीम मदद के लिए तत्काल पहुंच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *