हरिद्वार से दिल दहलाने वाली घटना, कट्टे में भरकर नदी में फेंका युवती का शव – Parvat Sankalp News

हरिद्वार से दिल दहलाने वाली घटना, कट्टे में भरकर नदी में फेंका युवती का शव

हरिद्वार:- बहादराबाद क्षेत्र में एक युवती की हत्या कर शव को कट्टे में बंदकर रौ नदी में फेंक दिया गया है। युवती के हाथ पैर भी बंधे हुए हैं। नदी में रेत लेने गए एक ग्रामीण की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है। फिलहाल शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर पतंजलि योगपीठ के पास पुल के नीचे एक संदिग्ध कट्टा देखकर ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी। जिस पर बहादराबाद थानाध्यक्ष अनिल चौहान व शांतरशाह चौकी प्रभारी हेमदत्त भारद्वाज मौके पर पहुंचे और कट्टा खुलवाया। युवती का हाथ-पांव बंधा शव निकला। युवती की उम्र लगभग 25 साल है।

शुरुआती तौर पर यह माना जा रहा है कि हत्या करने के बाद शव कट्टे में भरकर यहां फेंका गया है। सीओ ज्वालापुर निहारिका सेमवाल ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पड़ताल की और आसपास के ग्रामीणों को बुलाकर युवती की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। युवती कौन है? हत्या किसने और क्यों की है? इन सभी कारणों की पड़ताल में पुलिस जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *