उत्तराखण्ड

हल्द्वानी शुद्धिकरण यज्ञ को भाजपा से जोड़ना कांग्रेस की तथ्यहीन राजनीति : खजान दास

कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास ने राज्यसभा में हल्द्वानी के शुद्धिकरण यज्ञ को लेकर उठाए गए सवालों पर कहा कि केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी ने सदन में स्पष्ट कर दिया है कि इस आयोजन से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा न जाति, धर्म या वर्ग के आधार पर समाज को बांटने की राजनीति करती है और न ही ऐसे किसी आयोजन का समर्थन करती है।
उन्होंने कहा कि श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास स्वयं स्पष्ट कर चुका है कि रामलीला मैदान में आयोजित हवन-यज्ञ धार्मिक आयोजन था, राजनीतिक नहीं और इसका भाजपा से कोई संबंध नहीं था। ऐसे में कांग्रेस द्वारा बिना तथ्यों के भाजपा को इस पूरे मामले से जोड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है।
श्री खजान दास ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे इस मामले को अनुसूचित जाति से जोड़कर राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि आयोजक संगठन ने स्पष्ट किया है कि यज्ञ का जाति से कोई संबंध नहीं था। यज्ञ में अनुसूचित जाति से जुड़े नंद किशोर आर्य, मोहित कुमार आर्य, अंकित पाल और विनोद कुमार आर्य सहित अन्य युवक स्वयं शामिल हुए थे।
उन्होंने कहा कि आयोजक संगठन ने कांग्रेस की रैली के दौरान कथित तौर पर लगाए गए धार्मिक नारों और सनातन धर्म के अपमान के विरोध में अपनी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार हवन-यज्ञ करने की बात कही है। इस धार्मिक आयोजन को भाजपा का कार्यक्रम बताना पूरी तरह तथ्यहीन है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को राजनीति करनी है तो तथ्यों के आधार पर करे। धार्मिक आयोजन को भाजपा से जोड़कर भ्रम फैलाना और सामाजिक तनाव पैदा करना उचित नहीं है। तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति के लिए हर सामाजिक एवं धार्मिक विषय को राजनीतिक विवाद का रूप देने के बजाय कांग्रेस को प्रदेश की शांति, एकता और सामाजिक सौहार्द की चिंता करनी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News