उत्तराखण्डचंपावत

चंपावत किशोरी केस में नया मोड़, पिता ने दी नई तहरीर

चंपावत जिले के सल्ली गांव में नाबालिग किशोरी से जुड़े चर्चित मामले में एक बार फिर बड़ा मोड़ सामने आया है। किशोरी के पिता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को नई नामजद तहरीर सौंपी है, जिसके आधार पर पुलिस ने नया मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नई तहरीर में किशोरी के पिता ने आरोप लगाया है कि कमल रावत, उसकी महिला मित्र अर्जित राय और आनंद सिंह माहरा निवासी बनबसा ने उनकी 16 वर्षीय बेटी को झांसे में लेकर फंसाया। पिता का आरोप है कि आरोपियों ने किशोरी को निर्वस्त्र कर उसकी फोटो और वीडियो बनाई और उन्हें वायरल भी किया।

पीड़िता के पिता ने यह भी दावा किया कि आरोपी कमल रावत ने उन्हें गुमराह कर पहले की प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। उनका कहना है कि मामले की सच्चाई अब धीरे-धीरे सामने आ रही है और पुलिस को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।

गौरतलब है कि 6 मई को चंपावत के सल्ली गांव में नाबालिग किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था। उस समय किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया था कि उनकी बेटी मेहंदी समारोह में गई थी और देर रात तक घर वापस नहीं लौटी। बाद में किशोरी का फोन आया, लेकिन कुछ देर बाद फोन बंद हो गया।

परिजनों ने आरोप लगाया था कि किशोरी को एक कमरे में निर्वस्त्र अवस्था में पाया गया। शुरुआती शिकायत में भाजपा नेता समेत तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई थी। हालांकि बाद में पुलिस जांच में कथित दरिंदगी की कहानी पर सवाल उठे और मामला उलझता चला गया।

अब नई तहरीर आने के बाद पुलिस पूरे मामले की दोबारा गंभीरता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों और सबूतों की निष्पक्ष जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News