दीपावली के त्योहार को देखते हुए देहरादून पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान और एडवाइजरी जारी की है। त्योहारी सीजन में बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। वहीं, पलटन बाजार सहित प्रमुख बाजारों में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील की है।
अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग निर्धारित
देहरादून पुलिस के ट्रैफिक प्लान के अनुसार सहस्त्रधारा, रायपुर, राजपुर रोड और डालनवाला की ओर से आने वाले चौपहिया वाहन काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज, मल्टी स्टोरेज पार्किंग कनक चौक और एमडीडीए कॉम्प्लेक्स घंटाघर में पार्क किए जा सकेंगे। चकराता रोड, जीएमएस रोड और गढ़ी कैंट की ओर से आने वाले वाहनों के लिए जनपथ कॉम्प्लेक्स बिंदाल और रेंजर्स ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं ईसी रोड, रिस्पना पुल, धर्मपुर, जोगीवाला, नेहरू कॉलोनी और छह नंबर पुलिया की ओर से आने वाले वाहन रेंजर्स ग्राउंड, दरबार साहिब और राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तहसील चौक में पार्क किए जा सकेंगे। सहारनपुर चौक, कांवली रोड, पटेलनगर और पथरीबाग की ओर से आने वाले लोगों के लिए पुराना बस अड्डा, पुलिस कार्यालय के पास और नगर निगम कार्यालय परिसर में पार्किंग निर्धारित की गई है।
पलटन बाजार और अन्य बाजारों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था
पलटन बाजार में दोपहिया वाहनों से खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के लिए गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इन दोनों स्थानों पर दोपहर 3 बजे से पार्किंग सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा धर्मपुर बाजार आने वाले लोग रेसकोर्स क्षेत्र में, नेहरू कॉलोनी के लोग जीएसटी कार्यालय के दोनों ओर लिंक रोड पर और रिस्पना क्षेत्र के लोग राजीव नगर में वाहन पार्क कर सकेंगे। प्रेमनगर बाजार के लिए दशहरा ग्राउंड और रायपुर शिव मंदिर बाजार के लिए मालदेवता रोड पर पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।
पलटन बाजार में सुबह 10 से रात 9 बजे तक लोडिंग वाहनों पर प्रतिबंध
यातायात पुलिस के अनुसार पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपलमंडी क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जरूरत के अनुसार इन क्षेत्रों को जीरो जोन घोषित किया जाएगा, जहां केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश की अनुमति होगी। दर्शनी गेट, तिलक रोड, भंडारी चौक, अंसारी मार्ग, तहसील चौक और डिस्पेंसरी रोड से लोडिंग वाहनों का पलटन बाजार में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक कोई भी लोडिंग वाहन बाजार में प्रवेश नहीं कर सकेगा। व्यापारियों को सुबह 10 बजे से पहले लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य पूरा करना होगा। लोडिंग वाहनों के लिए राजा रोड से पीपलमंडी होते हुए दर्शनी गेट तक वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। वहीं बाजार के व्यापारियों के वाहनों को टोकन के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा।
विक्रम, ऑटो और सिटी बसों के रूट में बदलाव
त्योहारी सीजन में सार्वजनिक परिवहन की आवाजाही व्यवस्थित रखने के लिए विक्रम और सिटी बसों के पिकअप एवं ड्रॉप प्वाइंट में भी बदलाव किया गया है।
- राजपुर रोड से ओरिएंट चौक आने वाले रूट नंबर-1 के विक्रम ग्लोब चौक से पैसिफिक तिराहा, सुभाष रोड और बेनी बाजार होते हुए वापस राजपुर की ओर जाएंगे।
- रायपुर रोड से दर्शनलाल चौक आने वाले रूट नंबर-2 के विक्रम सर्वे चौक से वापस रायपुर की ओर भेजे जाएंगे।
- रिस्पना की ओर से आने वाले रूट नंबर-3 के विक्रम रिची-रिच तिराहा, आईजी कट, दून चौक और एमकेपी चौक होते हुए वापस रिस्पना की ओर जाएंगे।
- राजपुर रोड जाने वाली सिटी बसों का नया पिकअप और ड्रॉप प्वाइंट परेड ग्राउंड के बजाय ओरिएंट चौक रहेगा।
- डोईवाला और सहस्त्रधारा जाने वाली सिटी बसों के लिए रेंजर्स ग्राउंड को नया पिकअप और ड्रॉप प्वाइंट बनाया गया है।
जाम की स्थिति में इन मार्गों से होगा ट्रैफिक डायवर्ट
यातायात का दबाव बढ़ने पर पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को डायवर्ट करने की व्यवस्था भी की है।
- सर्वे चौक पर जाम की स्थिति बनने पर रायपुर से आने वाले वाहनों को कर्जन रोड तिराहा से म्यूनिसिपल रोड की ओर भेजा जाएगा।
- घंटाघर पर यातायात का दबाव बढ़ने पर राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक से कनक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं दर्शनलाल चौक से घंटाघर की ओर आने वाले वाहनों को लैंसडाउन चौक की ओर भेजा जाएगा।
- धर्मपुर चौक पर दबाव बढ़ने पर माता मंदिर रोड से आने वाले वाहनों को रेसकोर्स की ओर और नेहरू कॉलोनी तिराहे से धर्मपुर जाने वाले वाहनों को फव्वारा चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- परेड ग्राउंड में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक कार्यक्रम के चलते ईसी रोड, परेड ग्राउंड और सुभाष रोड पर भी यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
त्योहारी भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया है। इसमें 100 अतिरिक्त आरक्षी, 100 प्रशिक्षु आरक्षी और 10 मोबाइल टीमें शामिल हैं। इसके अलावा यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी भी शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में तैनात रहेंगे।
नो-पार्किंग में वाहन खड़ा किया तो लगेगा ₹1,500 जुर्माना
शहर में यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए 10 ट्रैफिक क्रेन लगाई गई हैं। इसके साथ ही ट्रैफिक कंट्रोल रूम से 29 एएनपीआर, 105 आरएलवीडी और 9 एसवीडीएस कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर क्रेन के माध्यम से उसे टो किया जाएगा। इसके लिए ₹1,500 का जुर्माना निर्धारित किया गया है। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने की अपील की है।
निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील
देहरादून यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि खरीदारी के लिए घर से निकलने से पहले निर्धारित पार्किंग व्यवस्था की जानकारी जरूर लें। अपने नजदीकी बाजारों में खरीदारी को प्राथमिकता दें और निजी वाहनों का इस्तेमाल जरूरत पड़ने पर ही करें। पुलिस ने लोगों को विक्रम, ऑटो और सिटी बसों जैसे सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करने की सलाह दी है। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों को भी बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खुली रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, अनावश्यक हॉर्न न बजाने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।