रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर में देर रात तेज रफ्तार कार ने जमकर कहर बरपाया। रामनगर-रानीखेत रोड पर बाइक को टक्कर मारने के बाद कार चालक तेलीपुरा क्षेत्र में पहुंचा, जहां शोक में घर के बाहर बैठे लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पहले बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक हादसा 5-6 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब एक बजे हुआ। बताया जा रहा है कि एक युवक अपने दोस्त की स्विफ्ट डिजायर कार लेकर निकला था। रामनगर-रानीखेत रोड पर तेज रफ्तार कार ने पहले एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद भी कार की रफ्तार कम नहीं हुई और वाहन तेलीपुरा क्षेत्र की ओर चला गया।
शोक में बैठे परिवार के लोगों को बनाया निशाना
तेलीपुरा इलाके में एक बुजुर्ग की मौत के बाद परिवार के लोग घर के बाहर शोक में बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर वहां बैठे लोगों के बीच जा घुसी। बताया जा रहा है कि हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। एक घायल के मुताबिक, कार की रफ्तार करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास थी। उसने बताया कि वे लोग अपने बुजुर्ग के निधन के बाद घर के बाहर बैठे थे, तभी अचानक कार आई और कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। घायल के अनुसार, हादसे में पांच भाई घायल हुए हैं। इनमें से तीन का इलाज रामनगर में, जबकि एक घायल को काशीपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य घायल को भी उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
कई वाहन भी हुए क्षतिग्रस्त
हादसे में तीन बाइकें कार की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके अलावा एक अन्य कार को भी काफी नुकसान पहुंचा है। घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
कार चालक पुलिस हिरासत में
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कार की वास्तविक रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।