हल्द्वानी/रुद्रपुर: उत्तराखंड में अलग-अलग जगह हुए दो सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। पहला हादसा नैनीताल जिले में कैंचीधाम के पास हुआ, जहां दूध लेकर जा रही पिकअप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। वहीं दूसरा हादसा ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में हुआ, जहां बाइक सवार एक व्यक्ति को पीछे से आ रही धान से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
कैंचीधाम के पास खाई में गिरी पिकअप
जानकारी के अनुसार, लालकुआं से दूध लेकर जा रही पिकअप संख्या UK04 CC 3465 देर रात करीब दो बजे कैंचीधाम मंदिर के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ SDRF की टीम मौके पर पहुंची। उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में पहुंची SDRF टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में 33 वर्षीय अंकित सिंह, बॉबी और 10 वर्षीय मोहम्मद साकिब घायल हुए हैं। तीनों को एंबुलेंस के जरिए भवाली अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। फिलहाल पिकअप के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की सटीक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर रात के समय वाहन के नियंत्रण से बाहर होने की संभावना जताई जा रही है।
रुद्रपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मौत
दूसरा हादसा रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में हुआ। यहां बाइक से जा रहे 45 वर्षीय रामकिशोर गंगवार को पीछे से आ रही धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि रामकिशोर सड़क पर गिर गए और बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली उनके ऊपर से गुजर गई। हादसे में उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसा 6 अक्टूबर की सुबह करीब 10:15 बजे हुआ। रामकिशोर पिछले करीब 25 वर्षों से रुद्रपुर में रह रहे थे और गल्ला मंडी स्थित भगवती एंटरप्राइजेज में लंबे समय से मुंशी के तौर पर काम कर रहे थे। रुद्रपुर गल्ला मंडी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गिग्गा ने घटना पर दुख जताया। वहीं भगवती एंटरप्राइजेज से जुड़े दीपक के मुताबिक, हादसे की जानकारी मिलते ही रामकिशोर को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
ट्रांजिट कैंप कोतवाली प्रभारी मुकेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों और जिम्मेदार वाहन चालक के संबंध में जांच कर रही है।