लक्सर में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो-डंपर की टक्कर में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत – Parvat Sankalp News

लक्सर में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो-डंपर की टक्कर में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

लक्सर: लक्सर-पुरकाजी रोड पर भैंसली वाला गांव के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मिट्टी से लदे डंपर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

जन्मदिन समारोह से लौट रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरनगर जिले का एक परिवार लक्सर की श्रीराम कॉलोनी में रिश्तेदार के यहां आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने आया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद परिवार के सात सदस्य स्कॉर्पियो से देर रात वापस मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। इसी दौरान भैंसली वाला गांव के पास सामने से आ रहे डंपर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

चार लोगों की मौके पर मौत

हादसे की सूचना मिलने पर लक्सर और पुरकाजी पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। मुजफ्फरनगर एसएसपी संजय वर्मा के अनुसार, दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार 50 वर्षीय आदेश, उनकी बहनें 35 वर्षीय निशा और 37 वर्षीय राखी तथा आदेश की 12 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, आदेश की पत्नी, उनकी बुजुर्ग मां और छह वर्षीय छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल के हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया। घायलों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

डंपर चालक हादसे के बाद फरार

दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को अपने कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फिलहाल हादसे की परिस्थितियों और टक्कर के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

तेज रफ्तार डंपरों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि लक्सर-पुरकाजी रोड पर मिट्टी खनन और उसकी ढुलाई से जुड़े डंपर तेज रफ्तार में चलते हैं। लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन से शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में होने वाले कथित अवैध मिट्टी खनन की जांच कराने, डंपरों की रफ्तार और संचालन पर निगरानी बढ़ाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *