मनोरंजन

Golmaal 5 का ऐलान, अजय देवगन के साथ अक्षय कुमार की एंट्री; इस दिन रिलीज होगी फिल्म

हैदराबाद:- रोहित शेट्टी की लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल’ एक बार फिर दर्शकों को हंसाने और मनोरंजन करने के लिए तैयार है। मेकर्स ने फ्रेंचाइजी की पांचवीं फिल्म ‘गोलमाल 5’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है। फिल्म में पुराने कलाकारों की वापसी के साथ एक बड़े नए नाम की एंट्री भी होने जा रही है। फिल्म में एक बार फिर अजय देवगन गोपाल के किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ अरशद वारसी, कुणाल खेमू, श्रेयस तलपड़े और तुषार कपूर भी फ्रेंचाइजी में वापसी कर रहे हैं। वहीं, पहली फिल्म का हिस्सा रहे शरमन जोशी करीब दो दशक बाद एक बार फिर गोलमाल गैंग से जुड़ रहे हैं।

8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में आएगी ‘Golmaal 5’

रोहित शेट्टी ने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए फिल्म की घोषणा करते हुए टीजर भी जारी किया। इसके साथ ही फिल्म की रिलीज डेट से पर्दा उठ गया है। ‘गोलमाल 5’ 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की रिलीज डेट साझा करते हुए रोहित शेट्टी ने परिवार, मस्ती और हंसी से भरपूर मनोरंजन का संकेत दिया। मेकर्स ने भी फिल्म की घोषणा के साथ नए साल में ‘गोलमाल’ के अंदाज में कॉमेडी और पागलपन की वापसी का संदेश दिया है।

करीब 20 साल बाद शरमन जोशी की वापसी

‘गोलमाल 5’ में शरमन जोशी की वापसी को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता है। शरमन ने साल 2006 में रिलीज हुई पहली फिल्म ‘गोलमाल: फन अनलिमिटेड’ में लक्ष्मण का किरदार निभाया था। हालांकि, इसके बाद फ्रेंचाइजी की तीन सीक्वल फिल्मों में शरमन जोशी नजर नहीं आए। अब करीब 20 साल बाद उनकी वापसी होने जा रही है।

अक्षय कुमार पहली बार बनेंगे गोलमाल गैंग का हिस्सा

फ्रेंचाइजी के पांचवें पार्ट में अक्षय कुमार की एंट्री भी खास मानी जा रही है। रोहित शेट्टी ने सितंबर 2026 में अक्षय कुमार के जन्मदिन के मौके पर उनकी कास्टिंग की पुष्टि की थी। फिलहाल अक्षय कुमार के किरदार से जुड़ी ज्यादा जानकारी मेकर्स ने साझा नहीं की है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में उनके नकारात्मक भूमिका निभाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। उनका किरदार गोपाल और बाकी गैंग से किस तरह जुड़ा होगा, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है।

जनवरी 2027 में कई फिल्मों से होगा मुकाबला

‘गोलमाल 5’ के साथ जनवरी 2027 में कई अन्य हिंदी और दक्षिण भारतीय फिल्मों की रिलीज भी प्रस्तावित है। इनमें 7 जनवरी को ‘हीरो की हीरोइन’, 8 जनवरी को ‘महाकाली’, 12 जनवरी को ‘विदुदाला’, 13 जनवरी को ‘काका’ और 21 जनवरी को ‘लव एंड वॉर’ तथा ‘द प्राइड ऑफ भारत-छत्रपति शिवाजी महाराज’ जैसी फिल्में शामिल हैं। ऐसे में जनवरी 2027 में बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों के बीच मुकाबला देखने को मिल सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button