पंजाब

गुलजार आत्महत्या मामले में कांग्रेस आक्रामक, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

जालंधर में गुलजार आत्महत्या मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने डीसी कार्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों के पहुंचने के बाद प्रशासन ने डीसी दफ्तर का मुख्य गेट बंद कर दिया, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई।

गेट बंद किए जाने से नाराज कुछ कार्यकर्ताओं ने बंद गेट को फांदकर अंदर जाने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई, जिसके चलते कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने अपने कार्यकर्ताओं को शांत कराया और सभी ने डीसी कार्यालय के बाहर ही बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए गुलजार मामले में इंसाफ की मांग उठाई।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जनता की जायज मांगों को लगातार अनसुना किया जा रहा है। काफी देर तक चले प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से बातचीत की।

इसके बाद विधायक सुखविंदर कोटली, लाडी शेरोवालिया और राजिंदर बेरी ने अधिकारियों को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपे जाने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

उधर, बठिंडा में भी कांग्रेस की ओर से गुलजार सिंह मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के निर्देश पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय के पास प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का पुतला जलाया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब के डीजीपी के नाम एसएसपी को मांगपत्र सौंपा गया। प्रदर्शन की अगुवाई जिला कांग्रेस शहरी अध्यक्ष राजन गर्ग ने की।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि गुलजार सिंह मामले में दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उनका कहना था कि यदि जांच में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की किसी तरह की भूमिका सामने आती है तो उन्हें भी कानून के अनुसार मामले में नामजद किया जाना चाहिए।

पठानकोट में भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुलजार मामले को लेकर विरोध जताया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का पुतला जलाया।

इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने एसएसपी पठानकोट मनप्रीत सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की गई।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गुलजार सिंह मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति की भूमिका सामने आने पर उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। जालंधर, बठिंडा और पठानकोट में हुए प्रदर्शनों के दौरान कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन पर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का दबाव बनाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button