कैंची धाम के पास उफान पर शिप्रा नदी, भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

नैनीताल:- उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। नैनीताल जिले में बारिश का असर खास तौर पर देखने को मिल रहा है। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के पीछे से बहने वाली शिप्रा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। भारी बारिश के बाद नदी उफान पर आ गई है और पानी मंदिर के नजदीक तक पहुंच गया है।
कैंची धाम के पास शिप्रा नदी का बढ़ा जलस्तर
नैनीताल जिले में लगातार हो रही बारिश से शिप्रा नदी का प्रवाह तेज हो गया है। कैंची धाम के पास नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण आसपास के इलाकों में भी चिंता बढ़ गई है। उफनती शिप्रा नदी का दृश्य साफ संकेत दे रहा है कि अगर बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है। प्रशासन की ओर से लोगों को नदी और बरसाती नालों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। भारी बारिश के दौरान नदी के आसपास जाना जोखिम भरा हो सकता है।
पहाड़ों में भूस्खलन से बढ़ी मुश्किलें
मूसलाधार बारिश के चलते नैनीताल और आसपास के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर पहाड़ियों से बड़े-बड़े पत्थर और मलबा सड़क पर गिरने की खबर है। इसके कारण कई स्टेट हाईवे और ग्रामीण मार्ग प्रभावित हुए हैं।सड़कें बंद होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचें। बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करें और नदी-नालों के आसपास जाने से परहेज करें।
नैनीताल में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
भारी बारिश को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन ने 2 सितंबर को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने यह फैसला खराब मौसम और संभावित जोखिम को देखते हुए लिया है। नैनीताल जिले में आज भी सुबह से बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और जलभराव का खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।




