मनोरंजन

‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में समय रैना ने अर्चना पूरन सिंह को किया रोस्ट, एक्ट्रेस ने दिया करारा जवाब

समय रैना के चर्चित कॉमेडी शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ का नया एपिसोड इन दिनों सुर्खियों में है। इस एपिसोड में अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह और सोशल मीडिया पर्सनैलिटी ओरी यानी ओरहान अवत्रामणि पैनल का हिस्सा बने। शो के दौरान समय रैना और अर्चना के बीच मजेदार नोकझोंक देखने को मिली। एपिसोड में कंटेस्टेंट एआर तिवारी ने भोजपुरी शायरी पेश की। परफॉर्मेंस के बाद समय रैना ने उनसे उनके नाम के पहले दो अक्षरों का मतलब पूछा। कंटेस्टेंट ने इसका जवाब ‘ऑलराउंडर’ बताया और कहा कि शायरी के अलावा वह डांस, व्लॉगिंग और रैप भी करते हैं। व्लॉगिंग का जिक्र आते ही समय रैना ने मजाकिया अंदाज में कहा कि व्लॉगिंग के लिए किसी खास टैलेंट की जरूरत नहीं होती। उनका यह कमेंट तुरंत अर्चना पूरन सिंह की तरफ इशारा करता हुआ लगा, क्योंकि अर्चना सोशल मीडिया पर अपने परिवार और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े व्लॉग शेयर करती रहती हैं। समय की बात पर अर्चना भी चुप नहीं रहीं। उन्होंने तुरंत पलटवार करते हुए पूछा, ‘गालियां देना टैलेंट है?’ अर्चना का यह जवाब सुनते ही स्टूडियो में मौजूद दर्शकों ने जोरदार तालियां बजाईं और उनका हौसला बढ़ाया।

अर्चना के जवाब के बाद कुछ पल के लिए समय रैना के पास तत्काल प्रतिक्रिया नहीं थी। हालांकि, उन्होंने इसके बाद भी मजाक का सिलसिला जारी रखा और अर्चना की खास हंसी को लेकर भी उनकी टांग खिंचाई की। इसके बाद समय रैना ने अर्चना पूरन सिंह के परिवार को भी अपने मजाक का हिस्सा बनाया। अर्चना का परिचय देते हुए उन्होंने बताया कि वह उन्हें फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ में मिस ब्रगेंजा के किरदार के समय से पसंद करते हैं। समय ने अर्चना के व्लॉग्स का जिक्र करते हुए उनके पति और बेटों पर भी मजाक किया। उन्होंने कहा कि उनके व्लॉग देखने के बाद ऐसा लगता है कि घर में काम सिर्फ महिलाएं ही कर रही हैं और इसे उन्होंने मजाकिया अंदाज में ‘रिवर्स पितृसत्ता’ बताया। समय के इस मजाक पर अर्चना के दोनों बेटे भी मुस्कुराते नजर आए। उन्होंने पूरे माहौल को हल्के-फुल्के अंदाज में लिया और शो की मस्ती का हिस्सा बने रहे।

इसके बाद अर्चना ने अपने बेटों की ओर देखते हुए मजाक में कहा कि उन्होंने पहले ही उन्हें फ्रंट रो में नहीं बैठने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा कि यहां उन्हें फेम मिलने के बजाय इंसल्ट मिल रही है। शो में समय रैना और अर्चना पूरन सिंह के बीच हुई यह मजेदार बातचीत सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। खास तौर पर अर्चना के एक लाइन वाले जवाब ने दर्शकों का ध्यान खींचा और वीडियो क्लिप को लेकर फैंस अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एपिसोड में दोनों की नोकझोंक को काफी हद तक हल्के-फुल्के और कॉमेडी अंदाज में पेश किया गया। अर्चना ने भी समय के मजाक का जवाब उसी अंदाज में दिया, जिससे शो का माहौल और ज्यादा मनोरंजक हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button