पंजाब

गुरु रविदास जी की पवित्र माटी लेकर पंजाब पहुंची समरसता संकल्प कलश यात्रा

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से निकाली गई पवित्र कलश यात्रा शुक्रवार को पंजाब पहुंची। यात्रा के पंजाब में प्रवेश पर लालड़ू में भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी के साथ इसका स्वागत किया। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने श्रद्धा व्यक्त करते हुए गुरु रविदास जी की जन्मभूमि की पवित्र माटी से भरे कलश को अपने सिर पर धारण किया और पूरे सम्मान के साथ यात्रा को पंजाब में आगे के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि पूरे समाज को जोड़ने वाला ऐतिहासिक अवसर है। केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि गुरु रविदास जी ने सदियों पहले ‘बेगमपुरा’ का सपना दिखाया था, जहां किसी प्रकार का भेदभाव, ऊंच-नीच या सामाजिक असमानता न हो। उन्होंने कहा कि समरसता, समानता और भाईचारे का यही संदेश आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिया गया ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र भी सामाजिक समरसता और समान अवसर की उसी भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है, जिसे गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से समाज को दिया था। ढिल्लों ने बताया कि केंद्र सरकार ने वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इनमें जन्मस्थान का पुनर्निर्माण, विशाल लंगर हॉल, आधुनिक संग्रहालय और भव्य प्रतिमा की स्थापना शामिल है। उन्होंने इसे गुरु रविदास जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में आदमपुर एयरपोर्ट का नाम गुरु रविदास जी के नाम पर रखा गया, संत निरंजन दास जी को पद्मश्री सम्मान प्रदान किया गया तथा जालंधर से वाराणसी तक विशेष एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत की गई। उनके अनुसार ये कदम गुरु रविदास जी के योगदान को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास हैं। केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि गुरु रविदास जी की अमृत वाणी को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी में स्थान देकर गुरु साहिबानों ने उनके संदेश को अमर बना दिया। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा से माघ पूर्णिमा तक चलने वाला यह अभियान पूरे देश में गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को घर-घर तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि संत समाज, धार्मिक संस्थाओं, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों को साथ जोड़कर इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि समाज में समरसता, एकता और भाईचारे को मजबूत करना ही गुरु रविदास जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News