बैरागीवाला हत्याकांड में बड़ा खुलासा, मुख्य आरोपी अमन गिरफ्तार

देहरादून के चर्चित बैरागीवाला हत्याकांड में दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भाजपा नेता विनोद कुमार कश्यप की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी अमन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ दो अन्य आरोपी सावेज और आजम को भी हरियाणा के यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल से दबोचा गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के नेतृत्व में पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम लगातार आरोपियों की तलाश में उत्तराखंड के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी छापेमारी कर रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर हरियाणा में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस गिरफ्तारी के साथ ही इस बहुचर्चित हत्याकांड में अब तक कुल नौ आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

गौरतलब है कि 13 जून की शाम बैरागीवाला गांव में खेत में पानी छोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते यह विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष ने धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से अशोक, विनोद कुमार कश्यप और राजेश कुमार पर हमला कर दिया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान भाजपा नेता विनोद कुमार कश्यप की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने नामजद और अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। शुरुआती कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि मुख्य आरोपी सहित अन्य फरार चल रहे थे। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *