केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडारों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों स्थानों पर अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों पर एकतरफा जीत दर्ज की है। इस जीत पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए इसे प्रदेश में डबल इंजन सरकार की जनहितकारी नीतियों, सुशासन और विकास कार्यों पर जनता की एक और मजबूत मुहर बताया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में संपन्न केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडार चुनावों में पार्टी समर्थित प्रत्याशियों को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हुआ। हरिद्वार केंद्रीय उपभोक्ता भंडार में अध्यक्ष पद पर विकास तिवारी तथा उपाध्यक्ष पद पर श्रीमती कमली सडाना विजयी घोषित हुए। इसी प्रकार नैनीताल केंद्रीय उपभोक्ता भंडार में अध्यक्ष पद पर प्रकाश बेलवाल एवं उपाध्यक्ष पद पर गिरीश जोशी ने जीत दर्ज की। वहीं उत्तरकाशी केंद्रीय उपभोक्ता भंडार में अध्यक्ष पद पर श्रीमती इंदु रजवार तथा उपाध्यक्ष पद पर अमित नौटियाल निर्वाचित हुए।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह जीत केवल चुनावी सफलता नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों, पारदर्शी प्रशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने के प्रयासों पर जनता के विश्वास का प्रमाण है।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने तथा उपभोक्ताओं को बेहतर, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रही है। केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडार आम नागरिकों तक आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में इन संस्थाओं में सक्षम, ईमानदार और जनसेवा के प्रति समर्पित नेतृत्व का चयन उपभोक्ताओं के हित में एक सकारात्मक कदम है।
महेंद्र भट्ट ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करेंगे। उनके नेतृत्व में केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडारों की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी बनेगी तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं एवं सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा, संगठन की कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण को प्रदेश की जनता लगातार समर्थन दे रही है। यह चुनाव परिणाम इसी बढ़ते जनविश्वास का स्पष्ट संकेत है। पार्टी भविष्य में भी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास, सुशासन और सेवा के संकल्प के साथ कार्य करती रहेगी।