लोहे की रॉड से हमला, 70 वर्षीय अफजल अहमद की मौत

उधमसिंह नगर जिले के महुआखेड़ागंज नगर पंचायत क्षेत्र में एक मामूली पार्किंग विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक बुजुर्ग की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार महुआखेड़ागंज के जामा मस्जिद मोहल्ले में रहने वाले 70 वर्षीय अफजल अहमद के परिवार में 9 जून को उनकी दो भतीजियों की शादी होनी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था। इसी दौरान शादी का सामान उतारने के लिए परिवार ने पड़ोसी से घर के सामने खड़ी स्कॉर्पियो हटाने का अनुरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

परिजनों का आरोप है कि शनिवार रात करीब 11:30 बजे कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड लेकर उनके घर पर हमला कर दिया। हमले में अफजल अहमद के सिर पर गंभीर चोट लगी। उनके अलावा परिवार के कई अन्य सदस्य भी घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अफजल अहमद की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। एम्स ऋषिकेश में इलाज के दौरान रविवार सुबह अफजल अहमद ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ दिनों बाद शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम का माहौल है।

मृतक अपने पीछे पत्नी और चार बेटों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *