देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 48 घंटों के लिए प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने शनिवार 16 मई के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, टिहरी, अल्मोड़ा और देहरादून जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा कई स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है।
पर्वतीय इलाकों में खासतौर पर 4500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण पहाड़ी जिलों में अगले दो दिनों तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है। ऐसे में चारधाम यात्रा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं दूसरी ओर मैदानी जिलों देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल के निचले क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। तेज धूप और उमसभरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। दोपहर के समय गर्म हवाओं का असर अधिक महसूस किया जा सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 16 और 17 मई को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। हालांकि 18 मई के बाद प्रदेशभर में मौसम साफ होने और तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में सतर्कता बरतें।