केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा यात्रा मार्ग पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने हरियाणा नंबर की एक स्कॉर्पियो को रोका, जिस पर अवैध रूप से पुलिस की नीली-लाल बत्ती, हूटर और ‘एस्कॉर्ट’ के साथ पुलिस का चिन्ह लगा हुआ था। जांच में पता चला कि वाहन चालक टोल टैक्स से बचने और अन्य यात्रियों पर रौब जमाने के लिए पुलिस पहचान का गलत इस्तेमाल कर रहा था। मामले में एसएचओ सोनप्रयाग राकेन्द्र कठैत ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया।
वहीं, एक अन्य कार्रवाई में राजस्थान नंबर की स्विफ्ट कार के चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। एल्कोमीटर जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई। पहाड़ी मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में पुलिस ने वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने स्पष्ट कहा है कि केदारनाथ यात्रा के दौरान कानून तोड़ने वालों और पुलिस अधिकारों का गलत इस्तेमाल करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यात्रा मार्गों पर चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।