देहरादून के परेड ग्राउंड में बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। बीते 30 घंटे से अधिक समय से कई अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर पानी की टंकी पर चढ़े हुए हैं, जबकि उनके समर्थक नीचे धरने पर बैठे हैं। खराब मौसम, धूप और बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।
नर्सिंग अभ्यर्थियों के समर्थन में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी टंकी पर मौजूद हैं। उन्होंने साफ कहा है कि जब तक सरकार मांगों पर ठोस फैसला नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार लगातार उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।
आज अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के मौके पर भी प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों में नाराजगी देखने को मिली। नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने कहा कि जिन नर्सिंग अभ्यर्थियों को रोजगार नहीं मिला, उनके लिए यह दिन खुशी का नहीं बल्कि “ब्लैक डे” जैसा है। उन्होंने सरकार से वर्षवार नियुक्ति की मांग करते हुए कहा कि लंबे समय से बेरोजगार अभ्यर्थी न्याय की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि टंकी पर बैठे अभ्यर्थियों तक खाना और पानी पहुंचाने में बाधाएं खड़ी की जा रही हैं। वहीं, नर्सिंग एकता मंच और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के बीच वार्ता प्रस्तावित है। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।