पीएम मोदी की अपील पर मंत्री का संदेश—संसाधनों का करें विवेकपूर्ण उपयोग

पीएम नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील के बाद उत्तराखंड सरकार में भी इसका असर देखने को मिला है। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने एक उदाहरण पेश करते हुए गढ़ी कैंट में आयोजित कार्यक्रम के बाद अपने शासकीय वाहन का उपयोग न करते हुए दोपहिया वाहन (स्कूटी) से कैंप कार्यालय तक का सफर किया।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव को देखते हुए ईंधन की बचत बेहद जरूरी है। उन्होंने आम जनता को संदेश देते हुए कहा कि छोटी दूरी की यात्रा के लिए निजी वाहनों के बजाय दोपहिया वाहन, सार्वजनिक परिवहन या साझा वाहनों का उपयोग करना चाहिए, जिससे पेट्रोल-डीजल की खपत कम हो सके और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिले।

उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में वह स्वयं भी अधिकतर छोटी दूरी के लिए दोपहिया वाहन का उपयोग करेंगे, ताकि समाज में एक सकारात्मक संदेश जाए। मंत्री ने बताया कि पीएम मोदी की यह अपील सिर्फ आर्थिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के हित में भी बेहद महत्वपूर्ण है। गणेश जोशी ने कहा कि देश के हर नागरिक को संसाधनों के संरक्षण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए, क्योंकि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़ी राष्ट्रीय बचत में बदल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *