चंपावत मामले में नया मोड़, आरोपियों के परिजनों के बयान आए सामने

चंपावत से सामने आए नाबालिग से जुड़े गंभीर मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। इस मामले में तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिनमें एक स्थानीय राजनीतिक कार्यकर्ता और एक अग्निवीर जवान का नाम भी सामने आया है।  घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। वहीं अब कथित आरोपियों के परिजन भी सामने आए हैं और उन्होंने आरोपों को साजिश करार दिया है।

अग्निवीर जवान के पिता का कहना है कि उनके बेटे को गलत तरीके से फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच के बाद ही किसी को दोषी ठहराया जाना चाहिए। वहीं कथित आरोपी भाजपा नेता की पत्नी ने भी आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि उनके पति घटना वाले समय परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। परिवार का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते उन्हें इस मामले में फंसाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। साथ ही पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद कई तथ्यों पर स्थिति स्पष्ट हो सकती है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में चिंता और आक्रोश का माहौल है। लोग मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *