देहरादून में बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड करने का प्रोजेक्ट अब तेजी पकड़ने जा रहा है। बुधवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने ऊर्जा विभाग और देहरादून प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने साफ निर्देश दिए कि जून महीने तक सड़क खुदाई, केबल बिछाने और ब्लैक टॉपिंग का काम हर हाल में पूरा किया जाए।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने पिटकुल को काम करने का तरीका बदलने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पूरे शहर में एक साथ खुदाई करने के बजाय चुनिंदा इलाकों में चरणबद्ध तरीके से काम किया जाए। साथ ही उन क्षेत्रों में ज्यादा मजदूर लगाकर तेजी से काम पूरा किया जाए, ताकि लोगों को कम से कम परेशानी हो।
मुख्य सचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि एक स्थान का काम पूरा होने के बाद ही दूसरे इलाके में काम शुरू करने की अनुमति दी जाएगी। इससे परियोजना में अनुशासन बना रहेगा और काम तय समय सीमा में पूरा हो सकेगा। उन्होंने सविन बंसल को निर्देश दिए कि परियोजना की हर सप्ताह मॉनिटरिंग की जाए और पिटकुल के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही या देरी न हो।