चंपावत से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां 10वीं में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित तौर पर चाकू की नोंक पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को एक बंद कमरे में छोड़कर फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, छात्रा 5 मई की शाम अपनी दोस्त की मेहंदी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकली थी। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। पिता के अनुसार रात करीब 10 बजे बेटी का फोन आया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।
अनहोनी की आशंका के चलते परिवार ने पुलिस को सूचना दी। देर रात शुरू हुई तलाश के बाद सुबह करीब 4 बजे नाबालिग एक बंद कमरे में मिली। बताया जा रहा है कि उस समय पीड़िता निर्वस्त्र अवस्था में थी और उसके हाथ-पांव बंधे हुए थे। पुलिस ने बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों में एक भाजपा मंडल उपाध्यक्ष, एक पूर्व प्रधान और एक छात्र शामिल है। छात्र को पूर्व प्रधान का रिश्तेदार बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों की तलाश में जुटी है। पीड़िता अपने बीमार पिता के इलाज के लिए गांव से चंपावत आई थी। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उठाने के लिए वह स्कूल के बाद एक आइसक्रीम पार्लर में काम भी करती थी।