उत्तराखण्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित “मा. प्रधानमंत्री की सौगात-आपके लिए” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने किया प्रतिभाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित “मा. प्रधानमंत्री की सौगात-आपके लिए” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत स्वयं सहायता समूहों एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अन्तर्गत 11 लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र, चाबी एवं घर के लिए बर्तन और सामान क्रय के लिए 05-05 हजार रुपये के चेक प्रदान किये। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभार्थियों को अब घर के बर्तन और सामान के लिए 06-06 हजार रुपये दिये जायेंगे। उन्होंने एन.आर.एल.एम. योजना के अंतर्गत 25 लाभार्थियों को चेक एवं 10 समूहों को 75-75 हजार रुपये के सामुदायिक निवेश फण्ड (सीआईएफ) के चेक प्रदान किये।

कार्यक्रम में 05 समूहों को 10-10 हजार रुपये के रिवाल्विंग फण्ड और 10 समूहों को 1.50 लाख-06 लाख रुपये तक के चेक प्रदान किए गए। राज्य में एन.आर.एल.एम. योजना के तहत 5.01 लाख महिलाओं को संगठित कर 64 हजार 686 समूहों, 06 हजार 551 ग्राम संगठनों एवं 392 क्लस्टर स्तरीय संगठनों का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए भगवान केदारनाथ और भगवान बद्री विशाल से उनके सुदीर्घ जीवन की कामना की। उन्होंने जन्मदिन के सुअवसर पर देवभूमि की बहनों को पक्के मकान के रूप में विशेष उपहार देने पर प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे बीच अनेकों ऐसे परिवार हैं जिनके लिए अपना खुद का घर मिलना किसी सपने के पूर्ण होने से कम नहीं है। गरीबों को अपना पक्का घर देना योजना मात्र नहीं है, यह प्रदेश के एक-एक वंचित को इस बात का विश्वास देने की प्रतिबद्धता है कि सरकार उनके सशक्तीकरण के लिए दृढ़ संकल्पित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में पिछले 9 वर्षों में करीब 4 करोड़ से अधिक पक्के घर गरीब परिवारों को मिल चुके हैं।

इनमें से करीब 70 प्रतिशत घर महिलाओं के नाम पर हैं। जब कोई सरकार अंत्योदय को अपना ध्येय मानकर कार्य करती है तो उसके परिणाम अलग होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड में भी विकास के एक नए युग का सूत्रपात हो चुका है। प्रदेश के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनेकों कार्य किये जा रहे हैं। कार्यक्रम में ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने भी विचार रखे। इस अवसर पर सचिव ग्राम्य विकास राधिका झा, आयुक्त ग्राम्य विकास आनन्द स्वरूप, जिलाधिकारी देहरादून सोनिका, अपर सचिव ग्राम्य विकास नितिका खण्डेलवाल सहित अन्य उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News