हरिद्वार: उत्तराखंड में अलग-अलग जगहों से हादसों और घटनाओं की खबर सामने आई है। हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्रा की फ्लाईओवर से गिरने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं ज्वालापुर क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद फरार हो रहे एक युवक ने पीछा कर रहे होमगार्ड पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में होमगार्ड का अंगूठा गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर, मसूरी में भी एक स्कूटी अनियंत्रित होकर पैराफिट से टकरा गई, जिसमें दो युवक घायल हो गए।
हरिद्वार में 17 वर्षीय छात्रा की मौत
नगर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात एक 17 वर्षीय छात्रा के फ्लाईओवर से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने छात्रा को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया।
पढ़ाई को लेकर हुई थी बहन से बातचीत
बताया जा रहा है कि मृतका कक्षा 11 में पढ़ती थी। वह पांच बहनों में दूसरे नंबर पर थी और अपनी मां के साथ रहती थी। उसके पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार, शनिवार रात बड़ी बहन ने उसे पढ़ाई को लेकर डांटा था। इसके बाद छात्रा घर से बाहर चली गई। कुछ समय बाद उसके फ्लाईओवर से गिरने की जानकारी सामने आई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
खड़खड़ी चौकी प्रभारी नवीन नेगी ने बताया कि फ्लाईओवर से गिरने के बाद 17 वर्षीय छात्रा को जिला अस्पताल भेजा गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और उन्होंने अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कार से टक्कर के बाद भाग रहे युवक ने होमगार्ड पर किया हमला
हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक अन्य घटना में सड़क हादसे के बाद भाग रहे कार सवार युवक ने पीछा कर रहे होमगार्ड पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, रविवार को हरिद्वार से रुड़की की ओर जा रही एक कार ने हरिलोक तिराहे के पास दूसरी कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से भागने लगा। तिराहे पर ड्यूटी कर रहे होमगार्ड संजीव कुमार और कृष्णपाल ने कार का पीछा शुरू किया। घटना की सूचना 112 के माध्यम से पुलिस को भी दी गई।
बहादराबाद में डिवाइडर से टकराई कार
पीछा करते हुए कार बहादराबाद क्षेत्र में हाईवे पर ख्याति ढाबे के पास पहुंची। यहां कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार के दोनों अगले पहिए फट गए। इसके बाद कार सवार युवक वाहन से उतरकर भागने लगा। होमगार्ड संजीव कुमार ने उसे पकड़ने की कोशिश की।
गर्दन पर वार किया, बचाव में कटा अंगूठा
आरोप है कि युवक ने कार से धारदार हथियार निकाला और होमगार्ड की गर्दन पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए संजीव कुमार ने अपना हाथ आगे कर दिया। धारदार हथियार लगने से उनके दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया। इसके बाद आरोपी हथियार लहराते हुए पास के गन्ने के खेत की ओर भाग गया। आसपास मौजूद लोगों के मौके पर पहुंचने के बावजूद आरोपी खेत में घुसकर फरार होने में कामयाब रहा। घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
घायल होमगार्ड के अंगूठे में लगे पांच टांके
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल होमगार्ड को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसके दाहिने हाथ के अंगूठे में पांच टांके लगाए। पुलिस ने आरोपी की कार को कब्जे में ले लिया है। आरोपी की तलाश में आसपास के क्षेत्र में कांबिंग भी की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सीओ संजय चौहान के अनुसार, होमगार्ड संजीव कुमार की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
मसूरी में स्कूटी पैराफिट से टकराई, दो युवक घायल
उधर, मसूरी में भी रविवार देर शाम सड़क हादसा हो गया। भट्टा गांव के पास चाय-रोटी रेस्टोरेंट के सामने एक स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट से जा टकराई। हादसे में स्कूटी सवार दोनों युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की। घायलों में एक युवक के पैर में गंभीर फ्रैक्चर बताया जा रहा है। उसके चेहरे पर भी चोट आई है। घायल को उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय मसूरी में भर्ती कराया गया है। पुलिस और संबंधित विभाग हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रहे हैं। शुरुआती तौर पर स्कूटी के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है।