हरिद्वार में बेकाबू बस का कहर, ऑटो चालक का हाथ कटा; चार कारों को भी मारी टक्कर – Parvat Sankalp News

हरिद्वार में बेकाबू बस का कहर, ऑटो चालक का हाथ कटा; चार कारों को भी मारी टक्कर

हरिद्वार: ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार निजी बस के बेकाबू होने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्गा चौक के पास अनियंत्रित बस ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और इसके बाद सड़क किनारे खड़ी चार कारों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि टक्कर की चपेट में आने से एक कुत्ते की भी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। क्षतिग्रस्त वाहनों की वजह से कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

दुर्गा चौक के पास बेकाबू हुई बस

जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे एक निजी बस दुर्गा चौक की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने के लिए निकली थी। इसी दौरान दुर्गा चौक के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बस ने सबसे पहले सड़क पर चल रहे एक ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे खड़े अन्य वाहनों से टकराती चली गई। देखते ही देखते एक ऑटो और चार कारें क्षतिग्रस्त हो गईं।

ऑटो चालक का हाथ कटकर अलग हुआ

हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं, निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर, गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि उनका हाथ कटकर अलग हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल ऑटो चालक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जौलीग्रांट स्थित हायर सेंटर रेफर कर दिया।

निजी अस्पताल के बाहर हुआ हादसा

हादसा एक निजी अस्पताल के बाहर हुआ। बस ने अस्पताल के बाहर खड़ी कारों को भी टक्कर मार दी। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय अस्पताल के बाहर मरीजों और उनके तीमारदारों की बड़ी भीड़ मौजूद नहीं थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय अस्पताल के बाहर अधिक संख्या में लोग मौजूद होते तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।

सड़क पर मौजूद कुत्ते की भी मौत

बस की चपेट में आने से सड़क पर मौजूद एक कुत्ते की भी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने और स्थिति सामान्य करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

बस चालक हिरासत में, वाहन कब्जे में

पुलिस ने हादसे के बाद बस चालक विपिन कुमार सैनी, निवासी सहारनपुर और हाल निवासी सीतापुर, ज्वालापुर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को भी अपने कब्जे में ले लिया है। ज्वालापुर कोतवाली पुलिस के मुताबिक चालक से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर बस अनियंत्रित कैसे हुई।

हादसे के कारणों की जांच जारी

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी के अनुसार घायल ऑटो चालक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने मौके से बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। साथ ही दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *