पंजाब

पंजाब में फिर कमजोर पड़ेगा मानसून, मंगलवार से बारिश में कमी; छह जिलों में बरसेंगे बादल

पंजाब में मानसून एक बार फिर कमजोर पड़ने के संकेत हैं। मंगलवार से राज्य में बारिश की गतिविधियां कम होने की संभावना है। इसके चलते तापमान में बढ़ोतरी होगी और लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से पंजाब के केवल छह जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, नवांशहर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन जिलों के अलावा राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि सोमवार को पंजाब के ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। रविवार को भी कई इलाकों में बारिश हुई, जिसके कारण राज्य के औसत अधिकतम तापमान में करीब 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

फिलहाल पंजाब में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। रविवार को बठिंडा में सबसे अधिक 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में करीब 0.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। लुधियाना में सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रमुख शहरों की बात करें तो अमृतसर का अधिकतम तापमान 34.3, लुधियाना का 32.8, पटियाला का 34.7, पठानकोट का 34.4, गुरदासपुर का 34.0, एसबीएस नगर का 33.1, होशियारपुर का 32.8, फिरोजपुर का 35.2 और रूपनगर का 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान में अमृतसर 28.3, पटियाला 26.4, पठानकोट 24.8, बठिंडा 25.4, फरीदकोट 28.8, फिरोजपुर 27.2 और रूपनगर 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बारिश का दायरा सिमटने के बाद आने वाले दिनों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। बारिश के कम होने और हवा में नमी बने रहने से उमस बढ़ेगी, जिससे लोगों को गर्मी अधिक महसूस होने की संभावना है। पंजाब के अन्य जिलों में फिलहाल बारिश के बजाय मुख्य रूप से शुष्क मौसम रहने के आसार हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News