पंजाब में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर, अमृतसर सबसे ठंडा जिला

 

पंजाब में ठंड और घने कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार अमृतसर राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है।

घने कोहरे के कारण कई जिलों में दृश्यता बेहद कम रही। अमृतसर में दृश्यता शून्य मीटर दर्ज की गई, जबकि फरीदकोट में 15 मीटर, पटियाला में 20 मीटर, बठिंडा में 40 मीटर, लुधियाना में 50 मीटर और गुरदासपुर में 100 मीटर दृश्यता रिकॉर्ड की गई। कोहरे के चलते लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव को देखते हुए 22 जनवरी से अगले तीन दिनों के लिए पंजाब के 11 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। प्रभावित जिलों में पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला शामिल हैं। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में कई स्थानों पर तेज हवाएं चल सकती हैं, गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है और मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है। इसके साथ ही सोमवार और मंगलवार के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

प्रदेश के प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान लुधियाना में 6.4 डिग्री, पटियाला में 5.4 डिग्री, बठिंडा में 7.0 डिग्री, फरीदकोट में 5.4 डिग्री, गुरदासपुर में 5.8 डिग्री, एसबीएस नगर में 6.0 डिग्री, होशियारपुर में 3.4 डिग्री और रूपनगर में 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई और यह सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक रहा। पटियाला में सबसे अधिक 23 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

उधर, घने कोहरे और खराब मौसम का असर अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी देखने को मिला। कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें अपने निर्धारित समय से देरी से संचालित हुईं। अमृतसर से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान और दिल्ली से अमृतसर आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट देरी से पहुंचीं। इसके अलावा ब्रिटिश एयरवेज, तुर्किश एयरलाइंस और वर्जिन अटलांटिक की कोड-शेयर उड़ानें भी निर्धारित समय से विलंबित रहीं।

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार कुआलालंपुर से अमृतसर आने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ान जेएल-7118 को खराब मौसम के कारण रद्द कर दिया गया। प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों में समायोजित करने और रिफंड की सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। मौसम विभाग ने लोगों को कोहरे और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने तथा आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *