देहरादून में 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप

देहरादून:- रायपुर थाना क्षेत्र की रक्षा विहार मुस्लिम बस्ती में 21 वर्षीय इफ्तिखार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने अनस, आरिस, जावेद समेत कुछ अन्य युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है।
परिजनों के मुताबिक, इफ्तिखार इंद्रा मार्केट में कपड़ों की दुकान चलाता था। बताया गया कि दुकान से घर लौटने के बाद वह पास के एक गोदाम में दोस्तों से मिलने गया था। आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई और धारदार हथियार से हमला किया गया।
परिजनों का आरोप है कि घायल इफ्तिखार को उसके दोस्त अलग-अलग अस्पतालों में ले जाते रहे, लेकिन काफी देर तक परिवार को घटना की जानकारी नहीं दी गई। सूचना मिलने के कुछ समय बाद इफ्तिखार की मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटनास्थल पर पहुंचने से पहले वहां मौजूद खून को पानी से साफ कर दिया गया था।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर FSL व फील्ड यूनिट की टीम को बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार के अनुसार, मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर अनस, आरिस और जावेद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




