Breaking Newsउत्तराखंड

देहरादून में सनसनीखेज वारदात, महिला की मौत के बाद BSF जवान ने भी खाया जहर

देहरादून में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मामले में एक बीएसएफ जवान पर महिला को जहर देकर मारने का आरोप लगाया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद जवान ने भी कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मामले में मृतका के पति की शिकायत के आधार पर कोतवाली डोईवाला पुलिस ने आरोपी बीएसएफ जवान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके स्वस्थ होने के बाद पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

पत्नी को फोन कर दी थी घटना की जानकारी

पुलिस को प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बीएसएफ जवान प्रमेंद्र नेगी की पत्नी ने पुलिस को सूचना दी कि उनके पति ने फोन कर अपनी लोकेशन भेजी थी। फोन पर उन्होंने कथित रूप से बताया कि उन्होंने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है और खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बताए गए स्थान की जांच की। टीम मियांवाला चौक स्थित द बिरिज़ होमस्टे पहुंची, जहां एक कमरे में बीएसएफ जवान बेहोशी की हालत में मिला, जबकि महिला मृत अवस्था में पाई गई।

होमस्टे में मिली महिला की लाश

जानकारी के अनुसार, बीएसएफ जवान 38 वर्षीय प्रमेंद्र नेगी, निवासी मोहब्बेवाला, क्लेमेंटाउन, कमरे में गंभीर हालत में मिला। वहीं, 40 वर्षीय आरती बिष्ट, निवासी गूलरघाटी, नकरौंदा की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने तत्काल जवान को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे दून अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

लंबे समय से संबंध होने की बात आई सामने

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पिछले कुछ समय से जान-पहचान और कथित प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि छुट्टी पर आए प्रमेंद्र नेगी पिछले कुछ दिनों से महिला के साथ होमस्टे में रुका हुआ था। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

मृतका के पति ने दर्ज कराया मुकदमा

मृतका के पति पंकज सिंह बिष्ट ने डोईवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी और प्रमेंद्र नेगी के बीच लंबे समय से संबंध थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने उनकी पत्नी को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया और बाद में खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके स्वस्थ होने के बाद पूछताछ की जाएगी। इसके बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News