देहरादून में बुजुर्ग दंपती समेत तीन की हत्या, दो साल से घर आने वाला प्लंबर निकला आरोपी – Parvat Sankalp News

देहरादून में बुजुर्ग दंपती समेत तीन की हत्या, दो साल से घर आने वाला प्लंबर निकला आरोपी

देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को हुए ट्रिपल मर्डर ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। एक ही घर में बुजुर्ग दंपती और एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने एक प्लंबर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर प्लंबिंग का काम करने के लिए आता-जाता था। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना की शुरुआत पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद से हुई। विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर पेचकस से बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला पर भी हमला किए जाने का आरोप है। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

दो साल से दंपती के घर आता-जाता था आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार पुत्र वीरेन्द्र सिंह निवासी इंद्रेश नगर, मूल निवासी बांदा के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी प्लंबर का काम करता है और करीब दो साल से मृतक बुजुर्ग दंपती के घर पर काम के सिलसिले में आता-जाता था। बताया गया है कि घटना वाले दिन भी दंपती ने उसे प्लंबिंग के काम के लिए घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद भुगतान को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर विवाद के दौरान हमला करने की बात बताई है।

विवाद के बाद पेचकस से हमला करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, कहासुनी बढ़ने के बाद आरोपी ने अपने पास मौजूद पेचकस से बुजुर्ग दंपती पर हमला किया। इसी दौरान पड़ोस के घर में काम करने वाली एक महिला ने आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करने की कोशिश की। आरोप है कि आरोपी ने उस महिला पर भी हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर घर के अंदर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही बिगड़ी हालत

पुलिस को मंगलवार दोपहर करीब 3:10 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से घटना की सूचना मिली। सूचना मिलने पर रायपुर थाना पुलिस तत्काल विष्णुलोक कॉलोनी पहुंची। मौके पर स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़ रखा था। घर के अंदर बुजुर्ग दंपती और एक महिला गंभीर हालत में पड़े मिले। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल किया गया पेचकस भी बरामद किया है।

आरोपी के पास से सोने की चेन बरामद

घटना की जानकारी मिलते ही देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई। मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर रायपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके कब्जे से एक सोने की चेन भी बरामद हुई है।

CCTV फुटेज से भी जुटाए जा रहे सुराग

घटना की जांच के दौरान पुलिस ने विष्णुलोक कॉलोनी और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आरोपी को बुजुर्ग दंपती के घर की तरफ अकेले जाते हुए देखा गया है। पुलिस अब अन्य CCTV फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही घटना के पीछे पैसों के विवाद के अलावा किसी अन्य वजह की भूमिका रही या नहीं, इसे लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *