देहरादून में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, 12 घंटे में खुला हत्याकांड का राज – Parvat Sankalp News

देहरादून में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, 12 घंटे में खुला हत्याकांड का राज

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडुवाला जंगल में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में मिला था शव

पुलिस के मुताबिक, 3 अक्टूबर को मंडुवाला स्थित डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में खाई में एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान 38 वर्षीय मदन मुखिया, निवासी सहरसा, बिहार के रूप में हुई। मदन वर्तमान में मंडुवाला-झाझरा क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहकर मजदूरी करता था। पुलिस को मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले थे। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं।

CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिली अहम जानकारी

हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही क्षेत्र में रह रहे मजदूरों का सत्यापन किया गया और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर मंडुवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से लल्लन शर्मा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार लल्लन ने मदन की हत्या में उसकी पत्नी मीना के साथ शामिल होने की बात स्वीकार की।

इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी मीना को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

तीन साल से चल रहा था प्रेम संबंध

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लल्लन शर्मा मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और मंडुवाला क्षेत्र में सुनील टेलर के यहां किराए पर रहकर मजदूरी करता था। पुलिस के अनुसार, लल्लन और मृतक की पत्नी मीना के बीच पिछले करीब तीन साल से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच चल रहे इस रिश्ते की जानकारी परिवार के अन्य लोगों को नहीं थी।

मोबाइल में मिले फोटो-वीडियो से खुला राज

पुलिस जांच के मुताबिक, वारदात से करीब दो दिन पहले मदन मंडुवाला स्थित तिरुपति मंदिर में मजदूरी का काम कर रहा था। इसी दौरान उसने लल्लन का मोबाइल फोन चेक किया। पुलिस के अनुसार, मोबाइल में मदन को अपनी पत्नी मीना और लल्लन के फोटो और वीडियो मिले। इसके बाद उसे दोनों के बीच चल रहे कथित संबंधों की जानकारी हुई। पुलिस का कहना है कि इसके बाद मदन ने दोनों को संबंध खत्म नहीं करने पर जान से मारने और उनके रिश्ते की जानकारी परिवार तथा अन्य लोगों को देने की धमकी दी थी।

शराब पिलाने के बहाने जंगल में ले गई पत्नी

पुलिस के अनुसार, रिश्ते का राज खुलने और बदनामी के डर से लल्लन और मीना ने मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। बताया गया कि योजना के तहत मीना मदन को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज से सटे जंगल की ओर ले गई। वहां मदन के नशे में होने के बाद लल्लन और मीना ने कथित तौर पर धारदार चाकू से उसके गले पर वार कर दिया। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने शव को जंगल से नीचे खाई में फेंक दिया। वारदात में इस्तेमाल चाकू को झाड़ियों में छिपा दिया गया था।

आरोपियों से पूछताछ और कानूनी कार्रवाई जारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस अब मामले में हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *