देहरादून में आज से ‘लोक संवर्धन पर्व’, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे उद्घाटन

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शनिवार से बहुप्रतीक्षित ‘लोक संवर्धन पर्व’ का शुभारंभ होने जा रहा है। इस पांच दिवसीय आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे। यह महोत्सव 11 से 15 जुलाई तक परेड ग्राउंड में आयोजित होगा और आम नागरिकों के लिए निःशुल्क रहेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास सहित प्रदेश सरकार के कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अतिथि भी मौजूद रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम को केंद्रीय मंत्री के साथ महोत्सव में सहभागिता करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, महोत्सव में लगभग 150 प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें से करीब 40 प्रतिशत स्टॉल उत्तराखंड की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, लोक संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को समर्पित होंगे। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं, स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों और उद्यमियों को भी अपने उत्पादों एवं कार्यों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों और उद्यमियों को व्यापक मंच उपलब्ध कराना, प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना तथा पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को नए बाजारों से जोड़ना है। पांच दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, लोक कलाकारों के कार्यक्रम और विभिन्न सामाजिक व विकासपरक गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।



