उत्तराखण्ड

कांग्रेस शुरू करेगी ‘काम मांगो अभियान’, जोशीमठ से होगी शुरुआत; दो माह तक ब्लॉक स्तर पर होंगे कार्यक्रम

देहरादून- कांग्रेस के राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की ओर से उत्तराखंड में ‘काम मांगो अभियान’ शुरू किया जाएगा। अभियान की शुरुआत चमोली जिले के जोशीमठ ब्लॉक से होगी। इसके बाद अगले दो महीनों तक प्रदेश के अलग-अलग ब्लॉकों में कार्यक्रम आयोजित कर रोजगार और पलायन से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा। रविवार को कांग्रेस भवन में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें संगठन के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी दीपक राठौर भी विशेष रूप से शामिल हुए। बैठक में अभियान की रूपरेखा और रणनीति पर चर्चा की गई।

बेरोजगारी और पलायन के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी

बैठक के दौरान प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, युवाओं के पलायन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के सीमित अवसरों को लेकर मंथन किया गया। प्रेसवार्ता में दीपक राठौर ने कहा कि उत्तराखंड के गांवों को मजबूत किए बिना राज्य का संतुलित और समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों, मनरेगा, लघु एवं कुटीर उद्योग, कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और स्वरोजगार के जरिए बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर तैयार किए जा सकते हैं।

युवाओं को सम्मानजनक रोजगार देने की मांग

कांग्रेस ने सरकार से प्रदेश के युवाओं के लिए ठोस और दीर्घकालिक रोजगार नीति बनाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों पर जल्द भर्ती, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, स्वरोजगार योजनाओं को प्रभावी बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में नए रोजगार के अवसर विकसित करने की दिशा में तत्काल कदम उठाए जाने चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण ने कहा कि सरकार रोजगार और स्वरोजगार को लेकर बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर युवाओं को उनकी योग्यता और जरूरत के अनुरूप पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘काम मांगो अभियान’ का मकसद सरकार से रोजगार की भीख मांगना नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं के अधिकार के रूप में काम और सम्मानजनक रोजगार की मांग उठाना है।

इन जिलों में पहले चरण में चलेगा अभियान

फर्स्वाण के मुताबिक अभियान की शुरुआत चमोली के जोशीमठ ब्लॉक से होगी। पहले चरण में चमोली, हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंहनगर और नैनीताल जिलों में अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर स्थानीय रोजगार और पलायन से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। बैठक और प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी, गढ़वाल मंडल प्रभारी गंभीर सिंह जयाड़ा, देहरादून प्रभारी धीरज देसाई, हीरा पाल सिंह, हरिद्वार प्रभारी विमल भारती, रुड़की प्रभारी गौरव शर्मा, नैनीताल प्रभारी सौरभ, हल्द्वानी महानगर अध्यक्ष विजय समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button