उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में फिर मौसम का कहर, पर्वतीय जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार देखने को मिल रहा है। रविवार को भी राज्य के कई जिलों में मौसम विभाग ने भारी से भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल जिले के कुछ हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज गर्जना और बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। इन क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

अगले दो दिन तक अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 25 अगस्त को भी राज्य के पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं 27 अगस्त तक पूरे प्रदेशभर में तेज दौर की बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

आमजन को सतर्क रहने की अपील

बारिश से भूस्खलन, नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ने और सड़क मार्ग बाधित होने का खतरा बना रहता है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वालों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

राहत-बचाव दल अलर्ट पर

आपदा प्रबंधन विभाग ने कहा है कि SDRF और स्थानीय प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। लगातार हो रही बारिश से कई जगहों पर छोटे-बड़े भूस्खलन की घटनाएँ सामने आ रही हैं। विभाग ने आमजन से अपील की है कि नदी किनारे व जोखिम वाले इलाकों से दूर रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News