उत्तराखंड की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 14 जुलाई से दर्ज करा सकेंगे आपत्तियां

देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत तैयार की गई प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची जारी कर दी गई है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस वार्ता के दौरान इसकी जानकारी देते हुए बताया कि राज्यभर में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया निर्धारित समयावधि में पूरी की गई है। उन्होंने बताया कि 8 जून से 7 जुलाई तक चले विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्राप्त दावों, आपत्तियों और सत्यापन के आधार पर नई ड्राफ्ट मतदाता सूची तैयार की गई है। इस सूची में करीब 71.33 लाख मतदाताओं को शामिल किया गया है, जबकि पूर्व सूची में मतदाताओं की संख्या लगभग 79.60 लाख थी।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के इच्छुक नागरिकों को फॉर्म-6 के साथ निर्धारित घोषणा-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। वहीं, मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य में मतदान केंद्रों की संख्या 11,733 से बढ़ाकर 12,543 कर दी गई है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची पर 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। इस अवधि में पात्र नागरिक अपने नाम जोड़ने, हटाने, संशोधित कराने अथवा अन्य त्रुटियों के संबंध में आवेदन कर सकते हैं।
जारी आंकड़ों के अनुसार, ड्राफ्ट मतदाता सूची में करीब 37 लाख पुरुष, 34 लाख महिला तथा 217 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।जिला-वार आंकड़ों पर नजर डालें तो हरिद्वार में सबसे अधिक लगभग 12.45 लाख, देहरादून में 11.90 लाख और ऊधम सिंह नगर में 11.55 लाख मतदाता दर्ज किए गए हैं। वहीं रुद्रप्रयाग में लगभग 1.80 लाख, चंपावत में 1.88 लाख तथा बागेश्वर में करीब 2 लाख मतदाताओं के साथ सबसे कम संख्या दर्ज की गई है। निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन करें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि या संशोधन की आवश्यकता हो तो समय रहते अपना दावा या आपत्ति दर्ज कराएं।




