उत्तराखण्ड

धामी जनता की पसंद, तिवारी सम्मानित लेकिन ‘सलेक्टेड’ मुख्यमंत्री थे: मनवीर सिंह चौहान

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और पांच वर्षों के कार्यकाल को उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी जनता की पसंद के नेता हैं और अपने निर्णयों, कार्यशैली तथा विकासोन्मुख नीतियों के दम पर उन्होंने न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चौहान ने कहा कि किसी निर्वाचित सरकार में ‘सलेक्टेड’ और ‘एलेक्टेड’ नेतृत्व का अंतर कांग्रेस से बेहतर कोई नहीं जानता। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पहले निर्वाचित मुख्यमंत्री रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नारायण दत्त तिवारी सम्मानित नेता थे, लेकिन वे स्वयं जनता द्वारा निर्वाचित होकर मुख्यमंत्री नहीं बने थे। उस समय वे न विधायक थे, न सांसद और संगठन में भी सक्रिय भूमिका में नहीं थे, बावजूद इसके कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी। इस फैसले के बाद कांग्रेस के भीतर देहरादून से लेकर दिल्ली तक विरोध और असंतोष खुलकर सामने आया था।

चौहान ने कहा कि इसके विपरीत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी पहचान किसी पद से नहीं, बल्कि अपने कार्यों से बनाई है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार के कई फैसले आज राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बने हुए हैं और अन्य राज्य भी उनका अध्ययन कर उन्हें अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, भू-कानून, अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई, धर्मांतरण और लव जिहाद के विरुद्ध सख्त कदम, तथा प्रदेश की संस्कृति और विरासत के संरक्षण जैसे निर्णयों ने उत्तराखंड को नई पहचान दिलाई है। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे आत्मनिर्भर उत्तराखंड का लक्ष्य मजबूत हो रहा है।

भाजपा मीडिया प्रभारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुख्यमंत्री धामी की लोकप्रियता और सरकार की उपलब्धियों को स्वीकार नहीं कर पा रही है, इसलिए वह निराधार और भ्रामक आरोपों की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के पास कोई तथ्य हैं तो उन्हें जनता के सामने रखना चाहिए। भाजपा सरकार ने हमेशा जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य किया है, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में हुए घोटालों और भ्रष्टाचार को जनता ने स्वयं देखा है। मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने विकास और विश्वास की ऐसी मजबूत लकीर खींची है, जिसके कारण प्रदेश की जनता ने लगातार दूसरी बार भाजपा पर भरोसा जताया। उन्होंने दावा किया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को लगभग 65 प्रतिशत सीटों पर जीत मिली और मुख्यमंत्री धामी पार्टी की विजय यात्रा के प्रमुख नायक बनकर उभरे। वहीं चंपावत विधानसभा उपचुनाव में मुख्यमंत्री धामी को लगभग 96 प्रतिशत मत प्राप्त हुए, जो अपने आप में एक उल्लेखनीय रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मुख्यमंत्री धामी की सफलता से ईर्ष्या करने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए। प्रदेश आज विकास, सुशासन और जनविश्वास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है और मुख्यमंत्री धामी का समर्पित नेतृत्व उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News