उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नानकसागर बांध का किया निरीक्षण, मानसून में सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश

उत्तराखंड में मानसून का दौर जारी है और लगातार बारिश से जनजीवन पर प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है। इसी बीच, मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नानकमत्ता पहुँचकर नानकसागर बांध और आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बांध की स्थिति, जलस्तर, बाढ़ नियंत्रण तैयारियों और सुरक्षा उपायों की जानकारी अधिशासी अभियंता से ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान हर परिस्थिति के लिए तैयारी पहले से ही सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी प्रकार से जनजीवन प्रभावित न हो।

मुख्यमंत्री ने नानकसागर कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों से कहा कि बाँध और जल निकासी की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जाए। साथ ही उन्होंने जिलाधिकारी और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक कदम उठाने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “सरकार का प्रयास है कि मानसून के दौरान किसी भी तरह की आपदा की स्थिति से जनता को सुरक्षित रखा जाए। इसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय बना रहे और त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जनता को समय-समय पर सटीक जानकारी उपलब्ध कराना और आवश्यक संसाधन पहले से तैयार रखना हमारी प्राथमिकता है।”

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष खटीमा रमेश चंद्र जोशी, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह कदम यह सुनिश्चित करता है कि नानकसागर और आसपास के क्षेत्रों में मानसून के दौरान कोई अप्रत्याशित स्थिति उत्पन्न होने पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके। मुख्यमंत्री के निर्देशों और प्रशासनिक तत्परता से जनता में सुरक्षा और भरोसा बढ़ेगा।




