देहरादून में दिनदहाड़े सनसनी: पटेलनगर कोतवाली से 100 मीटर दूर युवक की गला रेतकर हत्या, आरोपी हिरासत में

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से बुधवार शाम एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। शहर के व्यस्त पटेलनगर क्षेत्र में, कोतवाली से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना एक मकान के कमरे के अंदर हुई। बताया जा रहा है कि कमरे से अचानक चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। जब परिजन अंदर पहुंचे तो 48 वर्षीय दीपक गुप्ता गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़े थे। कमरे में मौजूद एक युवक के हाथ में चाकू था, जिसे परिजनों ने तुरंत पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
पैसों के लेनदेन का एंगल आया सामने
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक दीपक गुप्ता अविवाहित थे और निजी स्तर पर ब्याज पर धन देने का कार्य करते थे। प्रारंभिक जांच में पैसों के लेनदेन को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को फिलहाल नजरअंदाज नहीं किया जा रहा।
आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
घटनास्थल से हिरासत में लिए गए संदिग्ध युवक से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ, फॉरेंसिक रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। घटना ने राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि वारदात पुलिस थाने से बेहद कम दूरी पर हुई। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और आधिकारिक खुलासे का इंतजार किया जा रहा है।




