राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने ईद पर दी देशवासियों को शुभकामनाएं, राजनाथ सिंह समेत नेताओं ने की बधाई – Parvat Sankalp News

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने ईद पर दी देशवासियों को शुभकामनाएं, राजनाथ सिंह समेत नेताओं ने की बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम दिग्गज नेताओं ने देशवासियों को ईद का बधाई दी। सभी ने सोमवार को लोगों को ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं दीं और कामना की कि यह त्योहार समाज में आशा, सद्भाव और दयालुता की भावना को बढ़ाए। ईद-उल-फितर रमजान के पाक महीने के समापन का प्रतीक है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘ईद-उल-फितर के मुबारक मौके पर सभी देशवासियों, विशेष रूप से मुस्लिम भाइयों और बहनों को बधाई। यह त्योहार भाईचारे की भावना को मजबूत बनाता है तथा करुणा-भाव और दान की प्रवृत्ति को अपनाने का संदेश देता है। मैं कामना करती हूं कि यह पर्व सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आए तथा सबके दिलों में  नेकी के रास्ते पर आगे बढ़ने के जज्बे को मजबूत बनाए।’

उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘ईद-उल-फितर पर मैं देश के सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई देता हूं। ईद हमें अपनी सांस्कृतिक विविधता और हमें एकजुट करने वाले साझा बंधनों से मिलने वाली शक्ति की याद दिलाती है। इस पवित्र दिन का सार केवल उत्सव मनाने से कहीं बढ़कर है। यह एकता, करुणा और आपसी सम्मान के संवैधानिक आदर्शों का प्रतीक है, जो हमारे विविध लोकतंत्र की आधारशिला हैं। ईद की भावना हमें उन मूल्यों के प्रति खुद को फिर से प्रतिबद्ध करने के लिए प्रेरित करे, जो हमारे आगे के मार्ग को रोशन करते हैं और हमें एक उल्लेखनीय, लचीले राष्ट्र के रूप में बांधते हैं।’

माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, ‘ईद-उल-फितर की बधाई। यह त्योहार हमारे समाज में आशा, सद्भाव और दयालुता की भावना को बढ़ाए। आपके सभी प्रयासों में खुशी और सफलता मिले। ईद मुबारक!’रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘ईद-उल-फितर की हार्दिक शुभकामनाएं। यह त्योहार सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। आशा है कि यह दिन पूरे समाज में सद्भाव और भाईचारे के बंधन को और मजबूत करेगा। ईद मुबारक!’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *